रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ कैडर के वर्ष 2003 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने आदेश जारी करते हुए राज्य सरकार को उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

पी. सुंदरराज बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रभावी नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ कई सफल अभियान चलाए, जिससे नक्सली संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा। उन्होंने खुफिया तंत्र को मजबूत करते हुए नक्सल विरोधी रणनीति को नई दिशा दी।
अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों तक सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की। बस्तर में उनकी कार्यशैली और रणनीति को काफी सराहा गया।
अब राष्ट्रीय स्तर पर NIA में नई जिम्मेदारी संभालते हुए पी. सुंदरराज देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




