सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से मजदूरों के शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है। बेहतर मजदूरी का सपना दिखाकर हरियाणा ले जाए गए दर्जनों श्रमिक अब कथित रूप से ईंट भट्ठे में फंस गए हैं। पीड़ित मजदूरों ने जिला प्रशासन से उन्हें सुरक्षित छत्तीसगढ़ वापस लाने की गुहार लगाई है। इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के परसाडीह, बाराद्वार और कारीभावर गांव के करीब 35 से 40 मजदूर हरियाणा के हिसार जिले के हांसी थाना क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर के एक ईंट भट्ठे में काम करने गए थे। मजदूरों का आरोप है कि उन्हें वहां बंधक जैसी स्थिति में रखा गया है और घर लौटने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपने घर लौटना चाहते हैं, लेकिन परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं हैं।

पीड़ित श्रमिकों के मुताबिक, हरियाणा का श्रम विभाग उनसे जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज मांग रहा है, जिससे उनकी वापसी की प्रक्रिया और जटिल हो गई है। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि लेबर ठेकेदार उन्हें अधिक मजदूरी का लालच देकर दूसरे राज्य ले जाते हैं और बाद में उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा पहले से ही वसूल लेते हैं। अब सभी मजदूरों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से सुरक्षित रेस्क्यू कर जल्द से जल्द अपने घर वापस लाने की मांग की है। वहीं प्रशासन से इस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




