सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने सिंडिकेट से जुड़े कारोबारी विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद ED की टीम विकास गर्ग को रायपुर ला रही है।
विकास गर्ग को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश कर ED कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगी। इसके बाद महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य आरोपियों से संबंधों को लेकर पूछताछ की जा सकती है। बताया जा रहा है कि इससे पहले ED ने विकास गर्ग से जुड़ी करीब 940 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
ED ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग सहित विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों के आधार पर जांच शुरू की थी। एजेंसी के मुताबिक, ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित ‘पैनल नेटवर्क’ के जरिए काम कर रहा था और इस नेटवर्क से हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध कमाई हो रही थी। अब विकास गर्ग की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






