सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर। भारत स्काउट एवं गाइड छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय सर्वोदय प्रार्थना सभा एवं विशाल आयोजन किया गया। आयोजन में प्रदेश भर के 10 हजार से अधिक स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित अनेक विधायकगण भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बच्चों को स्वच्छता और नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और यदि परिवार में कोई व्यक्ति नशा करता है तो उसे भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड को अनुशासित और आदर्श जीवन जीते हुए समाज को सुंदर बनाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।
इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्काउट-गाइड के बच्चों ने सभी धर्मों के मंत्रों और प्रार्थनाओं का सस्वर पाठ किया। पूरे स्टेडियम में एकता और सर्वधर्म समभाव का संदेश गूंजा।
आयोजन में प्रदेश के सभी जिलों से आए स्काउट-गाइड, स्काउटर-गाइडर और राज्य मुख्यालय के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




