सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री नारायणा हॉस्पिटल में तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक राजेश मूणत और विधायक मोतीलाल साहू सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। शिविर में प्रदेशभर के जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क उपचार और सर्जरी की सुविधा दी जाएगी।
श्री नारायणा हॉस्पिटल में आयोजित इस तीन दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक राजेश मूणत, विधायक मोतीलाल साहू, दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पदाधिकारी, हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुनील खेमका, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. मेघा खेमका तथा देश के प्रसिद्ध स्पाइन सर्जन डॉ. विशाल कुंदनानी सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान रोबोटिक स्पाइन सर्जरी, रोबोटिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, टोटल हिप रिप्लेसमेंट, स्कोलियोसिस, स्पाइन ट्यूमर, स्पाइन टीबी, एंडोस्कोपिक डिस्क सर्जरी, क्लब फुट, बच्चों की जन्मजात हड्डी संबंधी विकृतियों तथा पेन मैनेजमेंट जैसी जटिल बीमारियों का उपचार और सर्जरी देश के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा की जाएगी। इसमें मुंबई के लीलावती और बॉम्बे हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवाएं देंगे।
हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुनील खेमका ने बताया कि इस शिविर में मरीजों की जांच, दवाइयां, सर्जरी, अस्पताल में भर्ती रहने की व्यवस्था तथा मरीजों के परिजनों के ठहरने की सुविधा भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के जरूरतमंद मरीजों को अपने ही प्रदेश में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराना है।




