कांग्रेस के पूर्व विधायक का WhatsApp अकाउंट हैक, परिचितों से मांगे जा रहे 28 हजार रुपये

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठग लगातार नेताओं को निशाना बना रहे हैं। इस बार ठगों ने कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया है। हैकर उनके कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों को मैसेज भेजकर 28 हजार रुपये यूपीआई के जरिए भेजने की मांग कर रहा है। वहीं मामले में बृहस्पति सिंह ने पुलिस से शिकायत की है।

जानकारी के अनुसार, हैकर बृहस्पति सिंह के नाम से लोगों को मैसेज भेज रहा है कि उसे तत्काल पैसों की जरूरत है और उसका UPI काम नहीं कर रहा है। वह यह भी लिख रहा है कि रात 8 बजे तक पैसे वापस कर दिए जाएंगे। इसके बाद वह QR कोड भेजने या पैसे ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू करवाने की कोशिश कर रहा है।


बृहस्पति सिंह के अकाउंट से हैकर कर रहा चैट

चैट में हैकर पहले “Hello” और “Ek help chahiye tha” लिखकर बातचीत शुरू करता है। इसके बाद वह कहता है कि उसे कुछ राशि की तत्काल आवश्यकता है और उसका UPI काम नहीं कर रहा है। जब सामने वाला व्यक्ति मदद के लिए तैयार होता है, तब वह 28,000 रुपये भेजने की मांग करता है और QR कोड भेजने की बात कहता है।

 

पुलिस से की शिकायत

मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने रायपुर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि हैकर्स उनके नंबर का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे मांग रहे हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।

 

इससे पहले गरियाबंद जिले से भाजपा के कई बड़े नेताओं के WhatsApp अकाउंट हैक होने के मामले भी सामने आ चुके हैं। लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों ने साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *