सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर पुलिस को चोरी के दोपहिया वाहनों के मामले में बड़ी सफलता मिली है। यातायात मुख्यालय से चोरी हुए वाहनों की पतासाजी के दौरान पुलिस कर्मचारियों की सतर्कता और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में यातायात मुख्यालय से चोरी हुए वाहनों की तलाश के लिए यातायात कर्मचारी हरीश ठाकुर और अनिल राजपूत को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लगातार की गई पतासाजी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 280/26 से संबंधित चोरी की मोटरसाइकिल एमएच-49 एस-2632 बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी शेख आमिर की निशानदेही पर थाना डी.डी. नगर क्षेत्र से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-04 एमक्यू-9970 भी बरामद की गई। यह वाहन थाना डी.डी. नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 460/25 के मामले से संबंधित है। आरोपी शेख आमिर, उम्र 20 वर्ष, टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर का निवासी है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों और आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना थाना कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।



