अवैध रेत खनन पर साय सरकार का सख्त एक्शन, ड्रोन सर्वे में मिली गड़बड़ी, नोटिस जारी

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध रेत खनन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खनिज विभाग की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम ने शिकायतों के आधार पर एमसीबी जिले की केल्हारी तहसील के दंडाहस्वाही, केवाई नदी, पसौरी, कुटरा और हसदेव नदी क्षेत्र में रात्रिकालीन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो स्वीकृत अस्थायी रेत भंडारण स्थलों का हाईटेक ड्रोन सर्वे कराया गया, जिसमें अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं खनिज सचिव पी. दयानंद ने अधिकारियों को संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। इसके तहत संभावित अवैध रेत खनन क्षेत्रों की पहचान कर हाईटेक ड्रोन सर्वे के जरिए निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि अवैध उत्खनन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *