सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड़रा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पत्नियों वाला एक युवक एक बार फिर करीब 50 फीट ऊंचे हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक के इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान भेंड़रा निवासी यादराम साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वह अपनी दोनों पत्नियों को एक साथ रखने की मांग को लेकर इसी हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया था। इस बार भी उसके टावर पर चढ़ते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग तमाशा देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाइश दी, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। इस दौरान गांव में लंबे समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और युवक को समझाइश देकर आगे ऐसी हरकत दोबारा न करने की हिदायत दी गई है।




