सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सो रहे एक हमाल की लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुबह आरोपी और मृतक के बीच नशे की हालत में विवाद और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश में आरोपी दोपहर के समय वापस लौटा और सो रहे राजेश के सिर पर लकड़ी के डंडे से लगातार कई वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है।




