सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
बिलासपुर के एनटीपीसी सीपत में करंट लगने से मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद ठेका कंपनी आईएमएस सीप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और साइट इंचार्ज के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी 23 वर्षीय नूर मोहम्मद 1 जून को ऐश डैम नंबर-1 में 100 हॉर्स पावर मोटर पंप की सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लगा और वह ऐश डैम के पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। मजदूर को सुरक्षा दस्ताने और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। इसके आधार पर पुलिस ने कंपनी के एमडी पवन सूद और साइट इंचार्ज कुलदीप ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




