रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 4 और 5 जुलाई को राजधानी रायपुर स्थित आईआईएम (IIM) में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि इस शिविर का आयोजन सुशासन एवं अभिशरण विभाग द्वारा किया जा रहा है। शिविर में मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि चिंतन शिविर के दौरान विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ उपस्थित होकर सुशासन, प्रशासनिक सुधार, विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही सरकार की प्राथमिकताओं, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से मंथन होगा। उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह तथा जनहितकारी बनाना है। यह चिंतन शिविर सरकार की आगामी रणनीति तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




