खाना नहीं मिला तो बेटे ने ले ली मां की जान, 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। भांसी थाना क्षेत्र के धुरली टिटेमपारा गांव में 60 वर्षीय महिला बुधरी तेलाम की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका का बेटा सामु उर्फ श्याम तेलाम निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां से खाना मांगा।

जब उसे तुरंत खाना नहीं मिला तो गुस्से में उसने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर मां के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर गठित टीम ने संदेह के आधार पर आरोपी बेटे से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर नशे के दुष्परिणाम और पारिवारिक हिंसा की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *