कोरिया हिंसा पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

रेत उत्खनन विवाद में दो भाजपा नेताओं की मौत, सभी आरोपी गिरफ्तार होने का दावा

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत उत्खनन विवाद के बाद हुई हिंसक घटना और दो भाजपा नेताओं की मौत के मामले में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला सरकार के संज्ञान में है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के दायरे में रहकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।कोरिया जिले में मंगलवार को रेत उत्खनन को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक संघर्ष में बदल गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगा दी गई। इस दर्दनाक घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके करीबी रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। घायलों में योगेन्द्र सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि वे फिलहाल बातचीत करने की स्थिति में हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *