सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नाम नामदेव की रिपोर्ट
उत्तर छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस के संचालन को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में अधिक सुविधा मिलेगी। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इसे सरगुजा संभाग के लाखों लोगों के लिए ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय बताते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय का आभार जताया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस उत्तर छत्तीसगढ़ की लाइफलाइन बन चुकी है। शिक्षा, रोजगार, व्यापार, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली की यात्रा करते हैं। लंबे समय से इस ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे अब रेल मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। नई व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 22407 अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी, जबकि ट्रेन संख्या 22408 प्रत्येक रविवार और मंगलवार को हजरत निजामुद्दीन से अंबिकापुर के लिए चलेगी।
इस उपलब्धि के पीछे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और रेलवे उपयोगकर्ता संगठनों के लगातार प्रयासों को भी अहम माना जा रहा है। जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी के सदस्य मुकेश तिवारी ने बताया कि इस मांग को लेकर रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय को कई बार पत्र भेजे गए थे। वहीं सरगुजा के सांसद चिंतामणि महाराज ने भी रेल मंत्री से मुलाकात कर ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग रखी थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में उत्तर छत्तीसगढ़ को रेलवे के क्षेत्र में और भी नई सुविधाएं और बड़ी सौगातें मिलेंगी।




