सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे, छत्तीसगढ़ में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट

भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने प्रेसवार्ता में दी। इस दौरान प्रदेशभर में सहकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के तहत 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में सहकारिता चिंतन शिविर और सहकारिता मेला आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहकारिता मंत्री केदार कश्यप शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह वर्चुअल माध्यम से जुड़कर कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

विभिन्न सहकारी समितियां तथा नाबार्ड, एनसीडीसी, नैफेड, एचसीएफ और सीएससी जैसे संस्थान भी भाग लेंगे। सप्ताहभर ध्वजारोहण, वृक्षारोपण, कृषक संगोष्ठी, सहकारिता दौड़, प्रशिक्षण कार्यक्रम और एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। 6 जुलाई को केंद्रीय मंत्री अमित शाह देश की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों और छत्तीसगढ़ में स्वीकृत 9 नए पैक्स गोदामों का वर्चुअल भूमि पूजन भी करेंगे।

इस अवसर पर अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने किसानों को भी बड़ी राहत का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि कृषि उपकरणों की खरीद के लिए दिए जाने वाले ऋण पर वर्तमान ब्याज दर अधिक है, जिसे कम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लगभग एक महीने के भीतर किसानों को मिलने वाले इस ऋण की ब्याज दरों में कमी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *