सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
शहर के बाल संप्रेक्षण गृह से देर शाम एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई, जहां 11 अपचारी बालक सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, तेज बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाते हुए बालकों ने पहले खिड़की तोड़ी और फिर पीछे की दीवार फांदकर मौके से भाग निकले। घटना के समय मुख्य गेट पर दो सुरक्षा कर्मी तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में अपचारी बालकों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फरार सभी 11 अपचारी बालकों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और फरार बालकों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं, इस पूरे मामले में सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी जांच की जा रही है।





