सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आधुनिक खेती, पर्याप्त खाद-बीज और विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में लक्ष्य का लगभग 98 प्रतिशत उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है और किसानों को समय पर खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत लाखों किसानों को डीबीटी के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण, ड्रिप सिंचाई, प्राकृतिक खेती और एग्रीस्टैक जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ मिल रहा है।
उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सरकार का कहना है कि आधुनिक तकनीक, पारदर्शी व्यवस्था और किसान हितैषी योजनाओं के जरिए प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है।




