सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को प्रतिष्ठित पदक और राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में धमतरी के रक्षित केंद्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल समेत कुल 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा के लिए भारतीय पुलिस पदक-2026 से अलंकृत किया गया।

इसके अलावा आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी और प्रशिक्षण कार्यों के लिए गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को भी राज्य स्तरीय और पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

समारोह में पुलिस और नगर सेना के जवानों ने अनुशासन और शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।




