सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। वंदे मातरम को लेकर चल रही सियासत पर बैज ने कहा कि भाजपा कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ न पढ़ाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम का पूरा गायन हुआ था और भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि वे भी अपने कार्यालय में वंदे मातरम गायन का वीडियो जारी करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के संबोधन को लेकर भी दीपक बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और रोजगार नहीं मिल पा रहा है। बैज का आरोप है कि जब युवा अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करते हैं तो उन्हें नक्सली विचारधारा से जोड़ना युवाओं का अपमान है। उन्होंने प्रधानमंत्री से देश की युवा आबादी से माफी मांगने की मांग की।
रेलवे की समय पालन रैंकिंग का हवाला देते हुए बैज ने छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि रायपुर रेल मंडल 61वें, नागपुर 57वें और बिलासपुर 68वें स्थान पर है। बैज ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ से रेलवे को बड़ी आय होने के बावजूद यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के समय पर चलने की स्थिति खराब है। साथ ही उन्होंने जेम पोर्टल को मिले अवार्ड पर भी सवाल उठाते हुए खरीदारी में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की।
वहीं, प्रदेश में सड़कों पर घूम रहे मवेशियों और सड़क हादसों को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोठान बंद होने के बाद पशुओं की स्थिति खराब हुई है और खुले में घूम रहे मवेशियों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। बैज ने कांग्रेस सरकार के दौरान गोठान और गोबर खरीदी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार पर गौवंश की अनदेखी का आरोप लगाया।




