बेमेतरा के सरकारी स्कूल में गिरा छत का प्लास्टर, तीन छात्र घायल

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के एक शासकीय प्राथमिक स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। साजा विकासखंड के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में कक्षा दूसरी के बच्चों की पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे की चपेट में आने से तीन छात्र घायल हो गए, जिनमें से दो छात्रों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

 

घायल छात्रों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखम्हारिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो छात्रों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है। हादसे के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया।

 

वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है और नए भवन की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले स्कूल जतन योजना के तहत छत की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन मरम्मत के बाद भी प्लास्टर टिक नहीं पाया।

इस हादसे के बाद मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा के लिए नए स्कूल भवन के जल्द निर्माण की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *