सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
राजधानी रायपुर में 8 से 14 जुलाई तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में देश के प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है।

आयोजन समिति ने बताया कि कथा का शुभारंभ 8 जुलाई की सुबह 9 बजे पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यात्रा सदरनी चौक और बूढ़ापारा होते हुए इंडोर स्टेडियम पहुंचेगी। इसमें करीब 5 हजार महिलाएं कलश धारण कर शामिल होंगी। राजस्थानी लोक नृत्य, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार कथा में विष्णु देव साय,डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के स्वागत, सुरक्षा, पार्किंग, भोजन और साफ-सफाई के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है। साथ ही बताया गया कि कथा पंडाल में प्रवेश से पहले प्रत्येक श्रद्धालु का तिलक कर स्वागत किया जाएगा, जिससे आयोजन की धार्मिक गरिमा और अनुशासन बना रहे।

पत्रकार वार्ता में योगेश अग्रवाल, संजय चौधरी, राजेश अग्रवाल, सुभाष साहू, अशोक गुप्ता, राजीव अवस्थी, दीपक गुप्ता, विनोद पडुआ, सुब्रत घोष और नवीन लोढ़ा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।




