सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर की डी.डी. नगर थाना पुलिस ने लूट और झपटमारी की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी की चेन, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 5 जुलाई की शाम चंगोराभाठा बाजार स्थित बाबा चौक के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसके गले से चांदी की चेन और Samsung Galaxy F17 मोबाइल लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर डी.डी. नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चंगोराभाठा निवासी **रजत सेन उर्फ हर्ष** और **लक्की ध्रुव** को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई चांदी की चेन, Samsung Galaxy F17 मोबाइल, एक Redmi मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन क्रमांक **CG 04 MG 6344** जब्त किया।
जांच के दौरान बरामद Redmi मोबाइल एक अन्य लूट के मामले से जुड़ा मिला, जिससे आरोपियों द्वारा की गई एक और वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।






