सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रदेश सरकार एक्शन मोड में है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा है कि हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं, फैक्ट्री को तत्काल बंद करा दिया गया है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि उरला की थ्रीडी फैक्ट्री में हुआ विस्फोट बेहद दुखद और गंभीर घटना है। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने फैक्ट्री का संचालन बंद करा दिया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जो हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की जांच करेगी।
मंत्री ने बताया कि मृतक मजदूरों के परिजनों को फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 30-30 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी । उद्योग मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।






