राज्यपाल रामेन डेका की पहल, बस्तर के वनांचल स्कूल को मिले 10 कंप्यूटर

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा को 10 कंप्यूटर प्रदान किए हैं।

राजभवन स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रामेन डेका ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया। इन कंप्यूटरों की स्वीकृति राज्यपाल द्वारा पूर्व में अपने स्वेच्छानुदान मद से प्रदान की गई थी। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनकी दक्षता बढ़ाना है।

 

राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकेंगे। इससे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के छात्रों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त होंगे।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *