रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट
भिलाई : शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक दंपत्ति को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने खुद को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताकर एक महिला को निवेश के नाम पर भरोसे में लिया और करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गए।पीड़िता फातिमा अहमद ने पुलिस को बताया कि आरोपी पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने ट्रेडिंग कंपनी में निवेश करने पर अधिक लाभ का लालच दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता की सहेली रजनी बारसकर के सोने के गहने भी अपने कब्जे में लेकर उन्हें भिलाई स्थित एक गोल्ड फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया और उसके बदले करीब 15 लाख रुपये हासिल कर लिए।शिकायत मिलने के बाद जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस पूरे मामले में यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।




