सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
राजनांदगांव जिले की तुमडीबोड़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में बैंक से रुपये निकालने के बाद महिला की स्कूटी की डिक्की से 44 हजार रुपये चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को मध्यप्रदेश के मुलतई से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है।
घटना 2 जून 2026 की है। ग्राम दर्राबांधा तेंदूनाला निवासी रीता वैष्णव ने जिला सहकारी बैंक तुमडीबोड़ से 44 हजार रुपये निकाले और उन्हें अपनी स्कूटी की डिक्की में रखकर घर लौट रही थीं। रास्ते में एक होटल में नाश्ता करने के लिए रुकते ही पहले से रेकी कर रहे आरोपियों ने मौका पाकर स्कूटी की डिक्की से नकदी पार कर दी और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तुमडीबोड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने मध्यप्रदेश के मुलतई से मुख्य आरोपी विजय सिंह नट को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी जतीन उर्फ नितिन ग्वाला के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान के तहत इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।




