सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि भाई की संदिग्ध मौत का राज बताने का झांसा देकर डॉक्टर से करीब 40 लाख रुपये और एक लग्जरी वाहन हड़प लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी डॉक्टर त्रृषभ चौबे के भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मौत के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश में डॉक्टर ने रायपुर के तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया। आरोप है कि तांत्रिक ने विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए मौत का रहस्य बताने का दावा किया और इसी बहाने डॉक्टर से करीब 40 लाख रुपये वसूल लिए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नगदी के अलावा एक एक्सयूवी वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई परिणाम नहीं मिला, तब पीड़ित को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ और उसने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, जिस तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज की गई है, वह फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने तंत्र-मंत्र और चमत्कार का झांसा देकर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।





