रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, राहुल गांधी जिला अध्यक्षों को देंगे संगठन का मंत्र

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में रायपुर के अभनपुर स्थित मंगल भवन में 20 से 29 जून तक 10 दिवसीय आवासीय डीसीसी संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष शामिल होंगे।

शिविर की तैयारियों का जायजा लेने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज स्वयं मंगल भवन पहुंचे और आवास, भोजन, बैठक व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।इस प्रशिक्षण शिविर का सबसे अहम दिन 21 जून होगा, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिविर में पहुंचकर जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे।

राहुल गांधी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, फील्ड विजिट, जनसंपर्क और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सीधे संवाद करेंगे। साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक रणनीति और कार्यशैली पर भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे।AICC द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और सीधे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। करीब साढ़े पांच बजे तक प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने के बाद वे शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। कांग्रेस का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा और जिला स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *