कांकेर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से नक्सलियों का डम्प बरामद, हथियार और वायरलेस सेट जब्त

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के छोटे बेठिया थाना क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक बड़े डम्प का खुलासा करते हुए हथियार, वायरलेस सेट, नक्सली वर्दी और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., बीएसएफ भानुप्रतापपुर के डीआईजी **दीपक तिवारी**, कांकेर पुलिस अधीक्षक **निखिल राखेचा** और 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी **रविन्द्र सिंह चंदेल** के मार्गदर्शन में जिला पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ते की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम आमाटोला के जंगल और पहाड़ी इलाके में चलाए जा रहे सघन सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प खोज निकाला।

योगेश कुमार और इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में डम्प से 4 भारमार बंदूकें, 2 वायरलेस सेट, 1 रेडियो, नक्सली वर्दी, पोच, चार्जर, बैटरियां और बड़ी मात्रा में बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल नक्सली अपनी गतिविधियों को संचालित करने में करते थे। बरामदगी से नक्सलियों की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है।

सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि बस्तर संभाग के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। जंगलों में सघन सर्चिंग, गश्त और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल कायम रखा जा सके। सुरक्षाबलों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *