सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से संघर्ष करने के गुर सिखाए। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी ने उन्हें संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए वे केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार की जनविरोधी एवं भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ मजबूती और आक्रामकता के साथ जनता की आवाज बनें। इस दौरान भूपेश बघेल ने कांग्रेस सरकार की पांच वर्षों की योजनाओं, पार्टी की विचारधारा, इतिहास और देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर भी विस्तार से अपने विचार रखे।
प्रशिक्षण शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने आदिवासी अधिकार, अल्पसंख्यक कल्याण तथा जल, जंगल और जमीन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत लगातार प्रशिक्षण शिविर में मौजूद रहकर सभी सत्रों में भाग ले रहे हैं। राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव की देखरेख में आयोजित इस शिविर के नौवें दिन जिला अध्यक्ष लखना गांव में श्रमदान करेंगे, जबकि 29 जून को प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा।




