स्वाइन फ्लू का बढ़ा खतरा, 25 दिन में मिले 13 H1N1 पॉजिटिव मरीज, एक्टिव केस 9

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मरीजों के बीच जिला स्वास्थ्य विभाग ने स्वाईन फ्लू के आकड़े जारी किए हैं। दुर्ग जिले में 05 से 29 अगस्त के बीच अब तक कुल 13 H1N1 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से 09 एक्टिव केस हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति अभी सामान्य बताई जा रही है।

 

स्वाइन फ्लू के संभावित खतरों के बीच पहले ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला सर्विलेंस अधिकारी सीबी बंजारे के अनुसार जिले में नये पॉजिटिव प्रकरण मिलने पर उनकी ट्रैवल हिस्ट्री, कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। नियमित मरीजों की मॉनिटरिंग की जा रही है है। जिले में अब तक कुल 13 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से चार मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। वहीं 7 संक्रमित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

 

छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा खतरा

जिला सर्विलेंस अधिकारी ने बताया, जिले के सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि H1N1 का कोई पॉजिटिव मरीज सामने आने पर तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दें। मरीजों के उपचार के साथ संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को एच 1 एन 1 संक्रमण का खतरा अपेक्षाकृत अधिक रहता है। ऐसे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की ये अपील।

 

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें। इसके अलावा हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोते रहें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न बरतें। तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क कर जांच कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *