देशभर के साथ आज छत्तीसगढ़ में भी नीट यूजी परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों में उत्साह के साथ हल्की घबराहट भी देखने को मिली।
आज आयोजित नीट यूजी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से हजारों परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित दिशा-निर्देशों के बीच परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
परीक्षार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष नीट परीक्षा रद्द होने से काफी निराशा हुई थी। उस फैसले का असर उनकी तैयारी और मानसिक स्थिति पर भी पड़ा था। हालांकि इस बार उन्होंने दोबारा पूरी मेहनत के साथ तैयारी की है और बेहतर प्रदर्शन को लेकर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।
अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा को लेकर थोड़ी घबराहट स्वाभाविक है, लेकिन तैयारी अच्छी होने के कारण उन्हें उम्मीद है कि वे परीक्षा आसानी से क्लियर कर लेंगे। वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
अब सभी की नजर परीक्षा परिणाम पर रहेगी, जो तय करेगा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का सपना किसका पूरा होता है।




