सक्ती में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या, नकाबपोश बदमाश वारदात के बाद फरार

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सक्ती थाना क्षेत्र के जोंगरा गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय युवती पूर्णिमा चौहान को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूर्णिमा चौहान अपने घर पर अकेली थी। तभी दो अज्ञात बदमाश घर के भीतर घुसे और सीधे उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। खून से लथपथ हालत में मिली पूर्णिमा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सक्ती थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *