उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में अवैध कटाई का बड़ा खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट

गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटाई का खुलासा किया है। उपसंचालक के औचक निरीक्षण के दौरान वन परिक्षेत्र तौरेंगा (बफर) के शोभा सर्कल अंतर्गत संरक्षित वन भूमि में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई पकड़ी गई। यह कार्रवाई प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) ओ.पी. यादव, मुख्य वन संरक्षक गुरूनाथन एवं सहायक संचालक जे.पी. दरों के मार्गदर्शन में की गई।

निरीक्षण के दौरान वन विभाग की टीम ने पाया कि आरोपियों ने संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर साल प्रजाति के 45 पेड़ों सहित अन्य प्रजाति के 5 पेड़ों की कटाई की है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में जलाऊ लकड़ी भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान ओडिशा के नवरंगपुर निवासी जीवनराम मंडावी और गरियाबंद जिले के बाहरापारा निवासी बुधराम नेताम को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, देवभोग की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 6 जुलाई 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व सहित सभी संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और वन अपराधों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *