सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर में बैंक खाते से 14 लाख 97 हजार रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फाफाडीह स्थित एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा के डिप्टी मैनेजर ने एक पूर्व बैंक कर्मचारी के साथ मिलकर वरिष्ठ नागरिक ग्राहक के खाते का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदल दिया और खाते में जमा रकम को धोखाधड़ीपूर्वक दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया। मामले में पुलिस ने डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को गिरफ्तार किया है।
मामला थाना गंज में दर्ज अपराध क्रमांक 246/2026 का है। पुलिस के मुताबिक, एक्सिस बैंक की ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना कुल **14 लाख 97 हजार 451 रुपये 32 पैसे** ट्रांसफर और विड्रॉल किए गए। शिकायत के बाद बैंक की आंतरिक जांच हुई और वर्तमान शाखा प्रबंधक ने थाना गंज में मामला दर्ज कराया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऐसे खाते को निशाना बनाया, जिसमें ज्यादा सक्रिय गतिविधियां नहीं थीं। बिलासपुर निवासी वरिष्ठ नागरिक सुषमा कुमार का खाता इसी आधार पर चुना गया। पुलिस के मुताबिक, डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन ने खाते की जानकारी अपने एक साथी के साथ साझा की, जो पहले एक्सिस बैंक का कर्मचारी रह चुका है। इसके बाद सुषमा कुमार के नाम से फर्जी कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म तैयार कर बैंक की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा गया।
फर्जी आवेदन को प्रोसेस करते हुए डिप्टी मैनेजर ने ग्राहक का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद आरोपियों ने बैंक का मोबाइल ऐप इंस्टॉल कर खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई और योगेश येडे के खाते को बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ दिया। खाते में मौजूद एफडी को क्लोज कर रकम सेविंग अकाउंट में लाई गई और पूरी राशि योगेश येडे के **इंडियन सेल्स** नामक खाते में ट्रांसफर कर दी गई। बाद में पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के जरिए दो बार में रकम कैश निकाली गई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन, उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी सतना, को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में एक अन्य पूर्व एक्सिस बैंक कर्मचारी की भूमिका की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, ई-मेल, मोबाइल ऐप की गतिविधियों, ट्रांजेक्शन और कैश विड्रॉल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




