सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
राजधानी रायपुर में महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो युवतियों की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच के दौरान एक चौंकाने वाली समानता सामने आई है। दोनों युवतियों की हत्या उनके प्रेमी द्वारा कथित तौर पर चरित्र पर संदेह के चलते की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है।
पहला मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी करण तांडी ने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। इतना ही नहीं, मौत सुनिश्चित करने के लिए आरोपी ने युवती का सिर पानी में डुबो दिया। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध थे और कुछ समय तक दोनों साथ भी रहे थे। लेकिन अलग होने के बाद आरोपी को युवती के चरित्र पर संदेह होने लगा, जिसके चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी घटना मुजगहन थाना क्षेत्र की है। कांकेर निवासी बीएड छात्रा भारती नेताम रायपुर में पढ़ाई के दौरान पिछले छह-सात महीनों से सावंत बघेल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि सावंत अक्सर भारती के चरित्र पर संदेह करता था और उसके साथ मारपीट करता था। घटना से एक रात पहले भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि वह मारपीट से परेशान होकर गांव लौटना चाहती है। बहन ने उसके खाते में पैसे भी भेज दिए थे, लेकिन इससे पहले ही आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भारती को मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन दोनों हत्याओं में एक जैसी वजह सामने आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस जांच के मुताबिक दोनों मामलों में प्रेम संबंधों में अविश्वास और चरित्र पर संदेह ही हत्या की मुख्य वजह बना। एक युवती की सुनसान स्थान पर गला घोंटकर हत्या की गई, जबकि दूसरी युवती की लिव-इन पार्टनर पर मारपीट के बाद हत्या करने का आरोप है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और पुलिस दोनों मामलों की हर पहलू से जांच कर रही है। रिश्तों में बढ़ती हिंसा और अविश्वास की ये दो घटनाएं राजधानी रायपुर के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं।




