सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना चंदनू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गांव के ही आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई से लापता दुकलिहिन बाई का शव 9 जुलाई को ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में बरामद हुआ था। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर सेल, ड्रोन और नाव की मदद से व्यापक सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वर्ष 2017 में भी एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और लगातार पूछताछ के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया गया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




