छत्तीसगढ़ में मानसून होगा मेहरबान! 1 जुलाई से तेज होगी बारिश, मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए

रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं लोग अब भी उमस और गर्मी से परेशान हैं। राजधानी रायपुर में फिलहाल अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने एक जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में करीब तीन-तीन सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं नारायणपुर, जगदलपुर, देवरी, जगरगुंडा, पेंड्रा, खैरागढ़, छुरिया, खरसिया और नवागढ़ समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक बने कम दबाव के क्षेत्र, तेलंगाना के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण और उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बनी द्रोणिका के कारण छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो रही हैं। इसी के चलते एक जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की रफ्तार बढ़ने की संभावना है और कई जिलों में अच्छी वर्षा देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *