सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ की साय सरकार सामाजिक और संवेदनशील मामलों में लगातार सख्ती दिखा रही है। रायपुर के सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने विवादित सामुदायिक भवन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। सरकार का कहना है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के भीतर बने विवादित सामुदायिक भवन को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सेंट पॉल स्कूल के दोनों ओर की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद किया गया, जबकि मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की।
इस कार्रवाई की शुरुआत हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय की शिकायत के बाद हुई। उनका आरोप था कि सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च का निर्माण किया जा रहा था। उनका कहना है कि सेंट पॉल ट्रस्ट की इस भूमि की लीज वर्ष 2022 में समाप्त हो चुकी थी और इसके बावजूद बिना वैध अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा था। शिकायत के बाद शासन-प्रशासन ने मामले की जांच की और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर सरकार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
इससे पहले भी साय सरकार बालोद जिले में भूमि विवाद से जुड़े मामले में हस्तक्षेप कर आदिवासी समाज की मांगों पर कार्रवाई कर चुकी है। सरकार का कहना है कि प्रदेश में कानून के दायरे से बाहर किसी भी प्रकार का निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




