सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लांची गांव स्थित एक अवैध खदान में खुदाई के दौरान अचानक चट्टान ढह गई, जिससे मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के लांची गांव के पास संचालित अवैध खदान में मजदूर खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की विशाल चट्टान भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दोनों शवों को मलबे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध खदान का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था और इसमें किसकी जिम्मेदारी बनती है। हादसे के बाद अवैध खनन को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।





