रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एयर इंडिया विमान बर्ड हिट का हुआ शिकार

दिल्ली से रायपुर पहुंची फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान पक्षी से टक्कर, सभी यात्री सुरक्षित

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली से रायपुर पहुंची एयर इंडिया की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट की घटना का शिकार हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित हैं। एहतियात के तौर पर विमान की तकनीकी जांच की गई, जिसके चलते वापसी उड़ान निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे की देरी से रवाना हुई।

जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान का निर्धारित आगमन समय सुबह 8 बजकर 15 मिनट था। विमान जब रायपुर एयरपोर्ट पर उतर रहा था, तभी सुबह करीब 8 बजकर 8 मिनट पर पक्षी से टकराने की घटना हुई। पायलट और एयरपोर्ट अधिकारियों की सतर्कता से विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया।

बर्ड हिट की सूचना मिलते ही तकनीकी टीम ने विमान का निरीक्षण शुरू किया। विमान के बाहरी हिस्सों और इंजन की विस्तृत जांच की गई, ताकि किसी संभावित नुकसान का आकलन किया जा सके। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विमान को उड़ान भरने की अनुमति जांच पूरी होने के बाद ही दी गई।बताया जा रहा है कि रायपुर से दिल्ली के लिए इस फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8 बजकर 55 मिनट था, लेकिन बर्ड हिट की घटना के कारण उड़ान में देरी हुई। आवश्यक तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा जांच के बाद विमान सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *