सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी कर दी है। योजना के तहत प्रदेश की 66 लाख से अधिक माताओं और बहनों के बैंक खातों में 626 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई है। सरकार ने लाभार्थी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को लगातार मजबूत कर रही है।
सरकार के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 18 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है। योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और परिवार की वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है।
योजना के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, बचत और सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश सहित अन्य जरूरी कार्यों में कर रही हैं। सरकार का कहना है कि इस आर्थिक सहायता से न केवल परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि महिलाओं की वित्तीय भागीदारी और आत्मनिर्भरता भी बढ़ रही है।






