सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
नई दिल्ली स्थित संसद भवन में महिला सशक्तिकरण संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई। समिति की अध्यक्ष डॉ. डी. पुरंदेश्वरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एसिड अटैक और यौन हिंसा की शिकार महिलाओं एवं बालिकाओं के पुनर्वास सहित महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय महिला आयोग के अधिकारियों ने समिति के समक्ष विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान देशभर में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला हेल्पलाइन 112 और 181 की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और इन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।

समिति के सदस्यों ने पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, त्वरित न्याय, सम्मानजनक पुनर्वास और आत्मनिर्भर जीवन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक नीतिगत सुधारों और प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने सुझाव दिए। बैठक में महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर भी व्यापक चर्चा की गई।





