CM हाउस की बैठक पर कांग्रेस का हमला, दीपक बैज बोले- सरकार में विश्वास का संकट

रायपुर से महेंद्र नामदेव कि रिपोर्ट

रायपुर : मुख्यमंत्री निवास में हुई हाई लेवल बैठक को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों का भरोसा खो चुके हैं और सरकार के भीतर विश्वास का संकट गहरा गया है। बैज ने कहा कि अचानक बुलाई गई बैठक और उसके बाद सामने आई चर्चाएं भाजपा सरकार में चल रही अंदरूनी खींचतान की ओर इशारा करती हैं।दीपक बैज ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से मंत्रिमंडल में फेरबदल और मंत्रियों के सामूहिक इस्तीफे की चर्चा चल रही थी। उनके अनुसार, बैठक में कुछ मंत्रियों के कामकाज पर असंतोष जताया गया और कई मंत्रियों से इस्तीफा मांगे जाने की चर्चा है। कांग्रेस का दावा है कि कुछ मंत्रियों ने इस्तीफा देने से इनकार करते हुए मुख्यमंत्री के कामकाज की समीक्षा की मांग भी उठाई। हालांकि, इन दावों की सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार से केवल जनता ही नहीं, बल्कि पार्टी के विधायक और मंत्री भी नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों से किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं, जिससे सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक ने सरकार के भीतर चल रहे मतभेदों को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *