जशपुरनगर। रक्षाबंधन के दिन जशपुर जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। बीते 24 घंटे के दौरान हुई दो भीषण दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसों के बाद जिला अस्पताल में भी उस समय हंगामा हो गया, जब ड्यूटी पर तैनात वार्ड बॉय पर नशे की हालत में घायलों का उपचार करने का आरोप लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए वार्ड बॉय को बर्खास्त कर दिया।
पहली दुर्घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आटापाट में शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। कोतवाली प्रभारी मोरध्वज देशमुख के अनुसार सरगुजा जिले के सीतापुर निवासी अनिश यादव (17) रक्षाबंधन का त्योहार मनाने इचकेला निवासी अपने दोस्त शिवम यादव के घर आया था। शुक्रवार को अनिश अपने दोस्त शिवम यादव और एक अन्य साथी शशिकांत के साथ बाइक से शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल देशदेखा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान आटापाट के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिश और शिवम के सिर तथा सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि शशिकांत को मामूली चोट लगी। संजीवनी एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को राजा देवशरण जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद अनिश यादव को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं शिवम यादव की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
खड़ी ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार बाइक
दूसरा हादसा कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोड़काचैरा में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। कदमटोली निवासी निलेश तेंदुआ (22) अपनी बाइक क्रमांक सीजी 14 एमव्ही 9399 से डोड़काचैरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि निलेश के सिर से हेलमेट निकलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसों के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अस्पताल में हंगामा, वार्ड बॉय पर नशे में ड्यूटी का आरोप
रात में डोड़काचैरा हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में शहरवासी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक वार्ड बॉय पर नशे की हालत में घायलों की मरहम-पट्टी करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई। जांच के बाद सीएमएचओ जीएस जात्रा ने संबंधित वार्ड बॉय के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे बर्खास्त कर दिया। एक ही दिन में सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत और अस्पताल में हुई इस घटना ने जशपुर शहर को झकझोर कर रख दिया।




