सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना सात युवक-युवतियों को महंगा पड़ गया। पुलिस की समझाइश के बावजूद उत्पात मचाने और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करने पर कोतवाली पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।
रायपुर पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 3 बजे गांधी नगर कालीबाड़ी स्थित एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने की शिकायत मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया।

कुछ देर बाद फिर से तेज आवाज में डीजे बजने की सूचना मिलने पर पुलिस दोबारा पहुंची। इस दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिस से अभद्र व्यवहार किया, धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना में पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
घटना के बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में चार युवक और तीन युवतियां शामिल हैं।




