सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
रायपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मामला डी.डी. नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त की शाम एक महिला सरोना क्षेत्र में नशे की हालत में सड़क किनारे अकेली थी। इसी दौरान बुलेट सवार तीन युवक उसे शराब और भोजन का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गए।
आरोप है कि आरोपियों में से एक ने सरोना क्षेत्र में महिला की इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए। इसके बाद महिला को आजाद चौक क्षेत्र ले जाया गया, जहां तीनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला समेत तीनों युवकों को अभिरक्षा में लिया। महिला की गंभीर नशे की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल एम्स अस्पताल भेजा गया। होश में आने के बाद महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण और भौतिक साक्ष्य जुटाने के बाद शिवा बघेल उम्र 28 वर्ष और पियूष नायक उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं तीसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसके विरुद्ध पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




