सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत रायपुर सहित देशभर में सोमवार को प्रार्थना यात्राएं निकाली गईं। अभियान के दौरान 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों वाले ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबंधित जिलाधीशों के माध्यम से सौंपे गए। ज्ञापन में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान और केंद्रीय गो मंत्रालय के गठन सहित 30 से अधिक मांगें रखी गई हैं।

रायपुर में अभियान की शुरुआत पुरानी बस्ती स्थित राजराजेश्वरी माँ महामाया मंदिर में महायज्ञ, गोमाता पूजन, शंखनाद और “श्री राम जय राम जय जय राम” विजय मंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुई। इसके बाद निकली प्रार्थना यात्रा इंडोर स्टेडियम, नगर निगम और मोतीबाग होते हुए कलेक्ट्रेट पहुँची, जहां जिलाधीश के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
रायपुर जिले से 3 लाख 87 हजार 225 नागरिकों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा गया, जबकि पूरे छत्तीसगढ़ से 80 लाख से अधिक और देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से एकत्र किए गए। ज्ञापन में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना तथा कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े 30 से अधिक विषयों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।
कार्यक्रम में संत-महात्मा, गौसेवक, गोपालक, मातृशक्ति, युवा और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है तथा सरकार से सभी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।




