सावधान रहिए, सतर्क रहिए, चौकन्ने रहिए
रायपुर से महेंद्र नामदेव की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ में 2,300 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन अनशन 206वें दिन भी जारी है। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने तुता धरना स्थल से विधानसभा की ओर दंडवत प्रणाम यात्रा निकाली और सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
रायपुर के तुता धरना स्थल पर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार 206वें दिन भी जारी रहा। अभ्यर्थियों ने 2,300 रिक्त शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर विधानसभा की ओर दंडवत प्रणाम यात्रा निकाली। उनका कहना है कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल वार्ता शुरू कर न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।




